स्वास्थ्य सेवा के साथ जरूरतमंदों तक पहुंचने का संकल्प, लायंस क्लब गोमती ने लगाया निःशुल्क
स्वास्थ्य शिविर
जौनपुर। सेवा को समर्पण और जनकल्याण को संकल्प मानकर कार्य कर रहे लायंस क्लब जौनपुर ‘गोमती’ द्वारा 17 अक्टूबर को बलुआ घाट में स्थित हयात फात्मा हॉस्पिटल में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य जरूरतमंद एवं आम नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य परामर्श एवं चिकित्सकीय सुविधा उपलब्ध कराना था।
शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण एवं आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया गया। इसमें फिजिशियन डॉ. ए पी सिद्धार्थ, बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. आजाद पाल, एवं स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. सबाह एवं फिजियोथैरेपिस्ट डॉ अकरम ने अपनी सेवाएं प्रदान की।
लायंस क्लब जौनपुर ‘गोमती’ के अध्यक्ष लायन सैय्यद हसनैन कमर ‘दीपू’ ने कहा कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य एवं सेवा की सुविधाएं पहुंचाना क्लब की प्राथमिकताओं में शामिल है।
क्लब के सचिव लायन नवीन मिश्रा ने कहा कि स्वास्थ्य संबंधी छोटी-छोटी समस्याओं की समय पर जांच और चिकित्सकीय सलाह कई गंभीर बीमारियों से बचाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। इसी सोच के साथ क्लब द्वारा निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया है।
कार्यक्रम के संयोजक और हयात फात्मा हॉस्पिटल के संचालक मोहम्मद आरिफ द्वारा व्यापक स्तर पर निःशुल्क जाँच, दवाइयाँ एवं अन्य चिकित्सीय सुविधाएं उपलब्ध कराई गई।



