--------------------
अतुल्य वेलफेयर ट्रस्ट और तेज डायग्नोस्टिक सेंटर के तत्वावधान में गरबा-डांडिया महोत्सव की धूम, पारंपरिक परिधानों में झूमे लोग
जौनपुर - संस्कृति, उल्लास और सामाजिक एकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से अतुल्य वेलफेयर ट्रस्ट परिवार और तेज डायग्नोस्टिक सेंटर (एस आर एस हॉस्पिटल) के संयुक्त तत्वावधान में एक भव्य गरबा और डांडिया महोत्सव का सफल आयोजन तेज डायग्नोस्टिक सेंटर नईगंज तिराहा जौनपुर में किया गया। शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में भारी संख्या में अस्पताल महिला कर्मचारी, ट्रस्ट परिवार की सदस्य और किन्नर समाज ने हिस्सा लेकर इसे यादगार बना दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ समारोह की शुरुआत मां दुर्गा की आरती और दीप प्रज्वलन के साथ हुई। मुख्य अतिथियों और संस्था के पदाधिकारियों ने मां शक्ति की आराधना कर क्षेत्र की सुख, समृद्धि और अच्छी सेहत की कामना की। आयोजकों ने बताया कि इस तरह के आयोजनों से समाज में आपसी भाईचारा बढ़ता है और हमारी सांस्कृतिक परंपराएं मजबूत होती हैं।
पारंपरिक परिधान और डांडिया की गूंज से कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण प्रतिभागियों का पारंपरिक गुजराती और राजस्थानी परिधान था। रंग-बिरंगे चनिया-चोली, साड़ी पहने महिलाओं ने गुजराती लोक गीतों पर एक से बढ़कर एक गरबा स्टेप्स दिखाए। डांडिया स्टिक्स की खनक और संगीत की जुगलबंदी ने पूरे माहौल को उत्सव के रंग में सराबोर कर दिया।
स्वास्थ्य और समाज सेवा का संदेश देकर मनोरंजन के साथ-साथ इस मंच से सामाजिक और स्वास्थ्य जागरूकता का संदेश भी दिया गया। तेज डायग्नोस्टिक सेंटर और एस आर एस हॉस्पिटल की अधिष्ठात्री बबीता सिंह, रेडियोलॉजीस्ट डॉ सुष्मिता सिंह और डॉ अभय सिंह अस्थि रोग विशेषज्ञ और उनकी टीम ने लोगों को बेहतर स्वास्थ्य जीवनशैली अपनाने और नियमित जांच कराने के प्रति जागरूक किया। वहीं अतुल्य वेलफेयर ट्रस्ट के सदस्यों ने समाज सेवा के अपने संकल्प को दोहराया।कार्यक्रम के अंत में सभी महिलाओं ने विभिन्न विभिन्न प्रकार के आकर्षक खेल के माध्यम से माहौल खुशनुमा बना दिया, विभिन्न श्रेणियों के खेल में प्रतिभागियों को आकर्षक पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। अतुल्य वेलफेयर ट्रस्ट परिवार समाजसेवा समिति की अध्यक्ष मीरा अग्रहरि और क्षमा सिंह ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी सहयोगियों, ट्रस्ट के सदस्यों और चिकित्सा कर्मियों का आभार व्यक्त किया।
--------------------


