लायंस क्लब जौनपुर गोमती ने देशभक्ति के रंग में मनाया स्वतंत्रता दिवस
जौनपुर। लायंस क्लब जौनपुर गोमती द्वारा स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर भव्य, गरिमामय एवं राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्लब के सदस्यों, उनके परिवारजनों एवं बच्चों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रध्वज फहराने एवं राष्ट्रगान के साथ हुआ। तत्पश्चात देश की स्वतंत्रता के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले अमर शहीदों एवं स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धापूर्वक नमन किया गया।
कार्यक्रम की विशेष प्रस्तुति “आओ भारत को जानें” रही, जिसमें क्लब के सदस्यों एवं बच्चों ने भारत के गौरवशाली इतिहास, संस्कृति, विविधता और उपलब्धियों पर अपने विचार प्रस्तुत किए।
इस अवसर पर विष्णु प्रिया ने “राष्ट्र संकल्प” प्रस्तुत करते हुए उपस्थित लोगों को राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने, देश की एकता एवं अखंडता बनाए रखने, पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक सद्भाव तथा जरूरतमंदों की सेवा के लिए संकल्प दिलाया। उनकी भावपूर्ण प्रस्तुति ने उपस्थित सभी लोगों को राष्ट्रहित में अपना योगदान देने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का एक अत्यंत भावुक एवं हृदयस्पर्शी क्षण तब आया, जब प्रज्ञा मिश्रा ने राष्ट्रभक्ति गीत “ऐ मेरे वतन के लोगों” प्रस्तुत किया। शहीदों की स्मृति को समर्पित इस गीत ने पूरे वातावरण को भाव-विभोर कर दिया और उपस्थित जनसमूह ने देश के वीर सपूतों को नमन किया।
देशभक्ति गीत, कविता, भाषण एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने पूरे वातावरण को राष्ट्रप्रेम से सराबोर कर दिया।
क्लब अध्यक्ष लायन सैय्यद हसनैन कमर ‘दीपू’ ने सभी सदस्यों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को याद करना तभी सार्थक है, जब हम अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से पालन करते हुए राष्ट्र निर्माण में योगदान दें।
सचिव लायन नवीन मिश्रा ने कहा कि आजादी केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि आत्ममंथन और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों को दोहराने का पर्व है। हमारा प्रत्येक सकारात्मक कर्म भारत को मजबूत और बेहतर बनाने की दिशा में एक कदम है।
इस अवसर पर संयोजक संजीव गुप्ता एवं सीमा गुप्ता, अनिल कुमार पाण्डे, दीपक चिटकारिया, अनिल अग्रहरि एवं प्रतिमा गुप्ता ने भी अपने उद्बोधन में स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए देशभक्ति, सामाजिक एकता, सेवा भावना एवं युवाओं की भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि लायंस क्लब जौनपुर गोमती द्वारा आयोजित ऐसे कार्यक्रम समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं और नई पीढ़ी को राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरित करते हैं।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित सदस्यों ने राष्ट्रहित, सामाजिक सद्भाव, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण एवं सेवा भावना को अपने जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।

