अयोध्या में जुटेंगे देशभर के पत्रकार, एनयूजे राष्ट्रीय परिषद की बैठक 4 अक्टूबर से
पत्रकार सुरक्षा कानून, पेंशन, वेतन बोर्ड और रेल रियायत समेत कई मुद्दों पर होगा मंथन; उपज जिलाध्यक्ष सैय्यद हसनैन कमर ‘दीपू’ सहित जौनपुर के तीन पत्रकार होंगे शामिल
लखनऊ, 03 अक्टूबर 2026 (स्वतंत्र वार्ता)। नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स (इंडिया) एनयूजे-आई की राष्ट्रीय परिषद की बैठक 4 और 5 अक्टूबर को अयोध्या धाम में आयोजित होगी। बैठक में देश के 22 राज्यों से करीब 200 प्रतिनिधि शामिल होंगे। बैठक का आयोजन उत्तर प्रदेश एसोसिएशन ऑफ जर्नलिस्ट्स (उपज) की ओर से किया जा रहा है।
एनयूजे के राष्ट्रीय महासचिव त्रियुग नारायण तिवारी ने बताया कि बैठक में पत्रकारों की विभिन्न समस्याओं और उनके समाधान को लेकर विस्तार से मंथन किया जाएगा। इस दौरान कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किए जाएंगे। पत्रकारों के लिए मीडिया काउंसिल की स्थापना, नए वेतन बोर्ड के गठन तथा पत्रकार सुरक्षा कानून बनाए जाने की मांग प्रमुख रूप से उठाई जाएगी। इसके अलावा समसामयिक मुद्दों पर भी चर्चा होगी। बैठक की अध्यक्षता राष्ट्रीय अध्यक्ष सुरेश शर्मा (भोपाल) करेंगे।
उपज के प्रदेश अध्यक्ष सर्वेश कुमार सिंह के अनुसार उत्तर प्रदेश से करीब 55 प्रतिनिधि राष्ट्रीय परिषद की बैठक में हिस्सा लेंगे। जौनपुर से उपज के जिलाध्यक्ष एवं प्रदेश कार्यसमिति सदस्य वरिष्ठ पत्रकार सैय्यद हसनैन कमर ‘दीपू’ सहित तीन पत्रकार प्रतिनिधि बैठक में शामिल होंगे।
उपज के जिलाध्यक्ष सैय्यद हसनैन कमर ‘दीपू’ ने कहा कि राष्ट्रीय परिषद की बैठक पत्रकारों की समस्याओं को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूती से उठाने का महत्वपूर्ण मंच है। पत्रकार लोकतंत्र के सजग प्रहरी के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभाते हैं, इसलिए उनकी सुरक्षा, सम्मान और सामाजिक-आर्थिक हितों को लेकर ठोस पहल जरूरी है। उन्होंने कहा कि पत्रकार सुरक्षा कानून, पेंशन व्यवस्था, नए वेतन बोर्ड के गठन और रेल यात्रा में पत्रकारों को पूर्व में मिलने वाली रियायत बहाल करने की मांग को राष्ट्रीय परिषद के समक्ष मजबूती से रखा जाएगा।
उन्होंने कहा कि पत्रकारों को अपने दायित्वों का निर्वहन करते समय अनेक चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में पत्रकारों के हित में प्रभावी नीतियां और कल्याणकारी योजनाएं समय की आवश्यकता हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि अयोध्या में होने वाली बैठक में देशभर के पत्रकारों के हित में सार्थक निर्णय लिए जाएंगे और पारित प्रस्तावों को सरकार के समक्ष प्रभावी ढंग से रखा जाएगा।
उपज प्रदेश इकाई और जिला अयोध्या इकाई की ओर से बैठक को लेकर व्यापक तैयारियां की गई हैं। उत्तर प्रदेश की ओर से पत्रकारों को पेंशन दिए जाने की मांग को राष्ट्रीय परिषद के समक्ष रखा जाएगा तथा इस संबंध में प्रस्ताव पारित कराने का प्रयास किया जाएगा। इसके साथ ही पत्रकारों के लिए रेल यात्रा में पूर्व में मिलने वाली रियायत को दोबारा शुरू किए जाने की मांग भी प्रमुखता से उठाई जाएगी।


