मुंबई में कांवरिया यात्रा की धूम अशोक सिंह ने कांवरियों का बढ़ाया उत्साह
..............मुंबई : देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में व्यस्ततम समय के
बीच चेंबूर से घाटकोपर के जंग्लेश्वर मंदिर तक उत्तर भारतीय एकता समिति के सौजन्य से उत्साह पूर्वक कांवरिया यात्रा निकाली गई । समिति की टीम ने मंडाला के हजारों युवकों के साथ कांवरिया यात्रा का शंखनाद किया। इस अवसर पर समाजसेवी और उत्तर भारतीय एकता समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक सिंह ने कांवरिया के साथ पदयात्रा करते हुए युवा कांवरियों का उत्साहवर्धन किया। सिंह ने कहा कि मंडाला के युवाओं के जोश को देखते हुए अगली बार पूरे परिसर में लाखों की संख्या में युवाओं को इस कांवरिया यात्रा में शामिल करने के लिए पहल अभी से शुरू करने का संकल्प लिया जायेगा। उन्होंने कहा कि इस तरह के हर महोत्सव समाज में रचनात्मक सोच पैदा करते हैं । युवाओं को सही दिशा में चलने की प्रेरणा देते हैं और अनुचित राह पर जाने से रोकते हैं। इससे केवल धार्मिक अनुष्ठान ही पूरा नहीं होता बल्कि सामाजिक एकता का सूत्रपात भी होता है ।इस यात्रा में हजारों युवक युवतियों बच्चों और बुजुर्गों ने हिस्सा लिया। उत्तर भारतीय एकता समिति के चेंबूर विधानसभा के अध्यक्ष सुशील दुबे, और उमेश सिंह, लाल बहादुर यादव ,इंद्रेश यादव , राम नयन गुप्ता और उनकी टीम के सदस्यों ने अथक मेहनत की।टीम के युवाओं द्वारा आयोजित यह कांवरिया गाजे-बाजे के साथ पूरे चेंबूर मंडाला से होते हुए घाटकोपर पश्चिम स्थित असल्फा के जंगलेश्वर मंदिर तक जाकर संपन्न हुई। इसमें शिव भोले बाबा के जयकारे का ऐसा समा बांधा कि लगभग दस मील की यह कांवरिया यात्रा पूरे शहर में चर्चा का विषय बन गई।
अशोक सिंह ने मुंबई के पीक आवर (व्यस्ततम यातायात समय ) और खराब मौसम में भी इस यात्रा को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए स्थानीय पुलिस प्रशासन की भूमिका की भी सराहना की । उन्होंने स्थानीय युवकों को आश्वासन दिया कि वह इसी तरह हर वर्ष तन मन धन से ऐसे सामाजिक और धार्मिक अनुष्ठानों में युवाओं को अपना सहयोग देते रहेंगे।
No comments: